कांगड़ा। तमिलनाडु में हुए हेलिकॉप्टर क्रैश में हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले के जयसिंहपुर के रहने वाले विवेक कुमार शहीद हो गए। विवेक कुमार की इच्छा थी कि वो अपने बेटे का पहला जन्मदिन धूमधाम से मनाएं, लेकिन अब बस यादें ही रह गईं। चचेरे भाई सुरजीत कुमार ने बताया कि विवेक कुमार चार महीने पहले छुट्टी पर घर आए थे।
विवेक कुमार अपने बेटे के जन्म के दौरान छुट्टी लेकर घर आए थे। इस दौरान बेटे के जन्म पर वह कोई बड़ा कार्यक्रम नहीं कर पाए थे। उन्होंने अपने परिवार से कहा था कि जब उनका बेटा एक साल का हो जाएगा तो उसका पहला जन्मदिन वह धूमधाम से मनाएंगे। बेटे के पहले जन्मदिन पर बड़ा कार्यक्रम करेंगे, लेकिन विवेक की यह इच्छा अधूरी रह गई।
आपको बता दें कि विवेक कुमार ने सीनियर सेकेंडरी स्कूल कोसरी में शिक्षा हासिल की और बाद में वे सेना में भर्ती हो गए थे। करीब 9 वर्ष तक उन्होंने सेना में सेवाएं दीं। विवेक कुमार के निधन की खबर सुनकर जयसिंहपुर सहित पूरे कांगड़ा जिले में शोक की लहर है।
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने ट्वीट पर कहा कि “तमिलनाडु के कुन्नूर में हुए हेलीकॉप्टर हादसे में वीरभूमि हिमाचल के जयसिंहपुर का सपूत एवं सीडीएस जनरल बिपिन रावत जी के पीएसओ, लांस नाइक विवेक कुमार जी भी शहीद हुए हैं। ईश्वर उनकी आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा शोकग्रस्त परिवार को संबल प्रदान करें। ऊँ शांति! आगे उन्होंने लिखा कि दुःख की इस घड़ी में हमारी सरकार शहीद के परिवार के साथ खड़ी है।”