शिमला। जिला परिषद शिमला के अध्यक्ष पद पर कांग्रेस ने बाजी मार ली है। कांग्रेस की चंद्र प्रभा नेगी जिला परिषद अध्यक्ष चुनी गई हैं। सुरेंद्र रेटका उपाध्यक्ष बने हैं। चंद्र प्रभा नेगी पहले भी जिला परिषद अध्यक्ष रह चुकी हैं।
जिला परिषद अध्यक्ष के लिए चंद्र प्रभा नेगा को 24 में से 15 वोट पड़े जबकि उपाध्यक्ष सुरेंद्र रेक्टा को 24 में से 17 वोट पड़े हैं। जबकि भाजपा प्रत्याशी भारती जनारथा को 9 वोट पड़े और उपाध्यक्ष पद पर भाजपा के कैंडिडेट मदन लाल वर्मा को 7 वोट मिले। डीसी शिमला आदित्य नेगी ने इस बारे में विस्तृत जानकारी दी।
आपको बता दें कि शिमला में कांग्रेस के 12 जिला परिषद जीत कर आए थे जबकि एक निर्दलीय जीता था। इसके अलावा सीपीआईएम के 3 जिला परिषदों ने भी कांग्रेस को ही समर्थन किया। जीत के बाद जिला परिषद अध्यक्ष चंद्र प्रभा नेगी और उपाध्यक्ष सुरेंद्र रेक्टा ने कहा कि शिमला का विकास उनकी पहली प्राथमिकता है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप राठौर ने कहा कि भाजपा ने सत्ता के लिए कई प्रकार के हथकंडे अपनाए और धन बल का उपयोग भी किया, लेकिन शिमला में भाजपा को मुंह की खानी पड़ी।