फतेहपुर। पहाड़ी में एक शब्द है शोभला माणू यानि भला मनुष्य या अच्छा इंसान। इस शब्द का अर्थ कहीं ना कहीं हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर में दिख जाता है। अपनी सादगी के लिए मशहूर जयराम ठाकुर एक फिर उस वक्त चर्चा में आ गए जब उन्होंने दो बुजुर्गों को अपने पास बिठाकर और एक रोती हुई बुजुर्ग महिला को मंच पर बुलाकर उनकी समस्या पूछी और मौके पर ही हल कर दिया।
दरअसल मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर शनिवार को फतेहपुर विधानसभा के दौरे पर थे। इस दौरान जब मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर मंच पर बैठे थे तभी एक बुजुर्ग महिला रोती हुई आई और सीएम से मिलना चाहती थी। महिला को रोता हुआ देख सीएम जयराम ने महिला को मंच पर बुलाया और परेशानी पूछी। बुजुर्ग महिला बेटे की बीमारी के लिए मुख्यमंत्री से मदद मांगने आई थी। सीएम ने अधिकारियों को तत्काल आदेश दिए कि महिला को आर्थिक सहायता की जाए और अगर इन्हें किसी सरकारी योजना का लाभ नहीं मिल रहा है तो जल्द से जल्द मिलना चाहिए।
बरोह गांव की रहने वाली बुजुर्ग महिला साहबो देवी ने बताया कि उनके 43 वर्षीय बेटे रविंद्र कुमार को ब्रेन ट्यूमर था जिसका चंडीगढ़ पीजीआई में इलाज तो हो चुका है, लेकिन अब बीमारी की वजह से वो कोई काम नहीं कर पाता है। हर महीने बेटे के चेकअप के लिए चंडीगढ़ पीजीआई जाना पड़ता है और घर में कमाई का कोई साधन भी नहीं है। इसलिए वो आर्थिक सहायता के लिए मुख्यमंत्री के पास आई थीं। उन्होंने कहा कि वो शिमला नहीं आ सकती थीं, जब पता चला कि मुख्यमंत्री जयराम फतेहपुर आ रहे हैं तो वो यहां आ गईं।
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने जनता दरबार भी लगाया जिसमें लोग सीधे मुख्यमंत्री से अपनी शिकायत कर रहे थे और मुख्यमंत्री मौके पर ही अधिकारियों को फौरन फरियादियों की समस्या का हल करने के आदेश दे रहे थे। तभी अचानक दो बुजुर्ग भी अपनी समस्या लेकर सीएम जयराम ठाकुर के पास आए। दोनों बुजुर्गों को देखकर मुख्यमंत्री खुद उठ गए और दोनों को अपने पास बुलाकर सोफे पर बिठाया और समस्या पूछी। मुख्यमंत्री का ऐसा मानवीय चेहरा लोगों ने पहली बार नहीं देखा है, इससे पहले ही जयराम ठाकुर गरीब-गुरबों और पिछड़ों की मदद करने के लिए खुद दो कदम बढ़ाकर आगे आते रहे हैं।