मंडी। भाजपा सांसद रामस्वरूप शर्मा दिल्ली स्थित आवास पर फंदे से लटकी लाश मिलने में सस्पेंस बरकार है। आखिर उनकी मौत के पीछे वजह क्या है, पुलिस ये पता लगाने की कोशिश कर रही है।
रामस्वरूप शर्मा कुछ दिनों से बीमार थे, लेकिन धीरे-धीरे उनके स्वास्थ्य में सुधार हो रहा था। इसी बीच उनकी खुदकुशी की खबर से सब चौंक गए। बताया ये भी जा रहा है कि रामस्वरूप शर्मा बीमारी की वजह से डिप्रेशन में थे। वे हार्ट पेशेंट थे और तीन साल पहले स्टंट डले थे।
फंदे से लटकी मिली सांसद रामस्वरूप शर्मा की लाश, स्टाफ ने पुलिस को बताया, सुबह क्या हुआ था
सासंद की पत्नी चंपा शर्मा तीर्थ यात्रा पर गई हुई हैं। जब उन्हें पति की मौत की खबर मिली उस समय वो जयपुर में थीं। वहां से वो सीधे दिल्ली आईं।
रामस्वरूप शर्मा खुद को मोदी का सुदामा बताते थे। आपको बता दें कि रामस्वरूप शर्मा ने एनएचपीसी में नौकरी की। वे कब्बडी के अच्छे खिलाड़ी थे। इसी दौरान वो आरएसएस के संपर्क में आए और प्रचारक बने। 2014 में उन्हें भाजपा ने टिकट दिया और वो चुनाव जीतकर संसद पहुंचे। दूसरी बार फिर वो चुनाव जीते थे।