कुल्लू। प्रदेश में एक लोकसभा और तीन विधानसभा सीटों पर उपचुनाव होने हैं। हालांकि अभी तक चुनाव की तारीख तय नहीं हुई है, लेकिन तैयारियां शुरू हो गई हैं। तो वहीं 2022 में विधानसभा चुनाव भी हैं।
इन दिनों मंडी लोकसभा के उपचुनाव की सुगबुगाहट तेज हो गई है। मिशन रिपीट के लिए भाजपा के प्रदेश सरकार के नेता भी बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करने में जुट गए हैं। हिमाचल में भाजपा मोदी के नाम और जयराम के काम पर चुनावी वैतरणी को पार करने की योजना तैयार बना रही है। हिमाचल प्रदेश भाजपा के सह प्रभारी संजय टंडन ने इस बात के स्पष्ट संकेत दिए हैं कि जयराम के काम पर प्रदेश में भाजपा को रिपीट किया जाएगा। वहीं इस बात का भी खास ध्यान रखा जाएगा कि बूथ स्तर पर काम करने वाले कार्यकर्ताओं को किसी प्रकार की परेशानी ना हो। क्योंकि चुनावों के दौरान बूथ कार्यकर्ता ही सबसे अधिक संगठन का कार्य करते हैं।
कुल्लू दौरे पर पहुंचे भाजपा के प्रदेश सह प्रभारी संजय टंडन कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर इस बात की समीक्षा कर रहे हैं कि आखिर किस तरह से मंडी लोकसभा उपचुनाव व प्रदेश में भाजपा सरकार को एक बार फिर से रिपीट किया जा सके।
भाजपा के प्रदेश सह प्रभारी संजय टंडन का कहना है कि हिमाचल प्रदेश में तीन चेहरे देशभर में इन दिनों खूब चमक रहे हैं। जिनमें मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा, केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर। आपको बता दें कि मंडी लोकसभा उप चुनाव में उम्मीदवारी जता रहे नेताओं ने भी संजय टण्डन के समक्ष हाजिरी भरनी शुरू कर दी है। लेकिन भाजपा ने उपचुनाव में अभी कोई चेहरा तैयार नही किया है। ऐसे में आने वाले समय मे किस पर दांव खेला जाएगा। यह अभी भविष्य के गर्भ में छुपा हुआ है।